BOLLYWOOD AAJKAL

BOLLYWOOD AAJKAL
OLD& BOLD BOLLYWOOD

Sunday, June 1, 2014

बॉलीवुड की दहलीज पर दस्तक दे रही है भाई-भतीजों की नयी फ़ौज

  राजनीति  के बाद बॉलीवुड भाई-भतीजावाद के लिए सबसे मुफीद जगह है। कपूर खानदान से लेकर न जाने कितने खानदान के खानदान यहां आबाद होते आए हैं.लेकिन अब तक ये परंपरा बेटे-बेटियों तक ही सीमित थी। लेकिन अब इस परंपरा में रिश्तेदारों का नाम भी जुड़ने लगा है। धर्मेन्द्र के भतीजे अभय देओल और प्रियंका चोपड़ा की कजिन परिणति चोपड़ा जैसों की कामयाबी ने सितारों के रिश्तेदारों  लिए एक नयी उम्मीद जगा दी है। 
                                                    कजिन्स की इस कड़ी में सबसे बड़ा नाम है करीना  और रणवीर कपूर के कजिन्स अरमान जैन का जो फिल्म "लेकर हम दीवाना दिल " से हीरो बनने के अपने अरमान पूरे करने की तैयारी कर रहे हैं। हालांकि राज कपूर के जमाने से ही कपूर खानदान द्वारा अपने रिश्तेदारों को बॉलीवुड पर लादने की परम्परा रही है। ये अलग बात है की उनमे  प्रेमनाथ और राजेन्द्र नाथ जैसे अभिनेताओं ने अपनी अलग पहचान बनायी। अरमान जैन को कपूर खानदान की रिश्तेदारी का बड़ा लाभ तो ये मिला की उन्हें आसानी से बॉलीवुड में एंट्री मिल गयी अब आगे उनकी किस्मत।  इस कड़ी में एक और नाम है मीरा चोपड़ा का जो "गैंग ऑफ घोस्ट " से बॉलीवुड में कदम रख रही है।  मीरा प्रियंका और परिणति  चोपड़ा की कज़िन सिस्टर है। परिणति की कामयाबी ने शायद प्रियंका के कज़िन्स को कुछ ज्यादा ही आत्मविश्वास से भर दिया है। अगर दो- चार और चोपड़ा कज़िन्स बॉलीवुड में एंट्री मार दें तो हैरत की बात नहीं होगी। सोनम कपूर और अर्जुन कपूर के रिश्तेदार मोहित मारवाह  भी फिल्म फगली से बॉलीवुड में कदम रख रहे हैं। मोहित बोनी और अनिल कपूर के भांजे हैं। सोनाक्षी सिन्हा की कज़िन भावना रूपारेल को हालांकि मोहित मारवाह की तरह ड्रीम डेब्यू तो नहीं मिला लेकिन "चलो पिक्चर बनाते हैं " जैसी छोटी फिल्म के सहारे ही सही बॉलीवुड में एंट्री तो मिल ही गयी। विनोद खन्ना के भतीजे और अक्षय खन्ना  के कज़िन अखिल कपूर  फिल्म  देशी कट्टे के साथ बॉलीवुड में तशरीफ़ ला रहे हैं। इन भाई-भतीजों के   अलावा इस साल स्टार पुत्रों और पुत्रियों की एक बड़ी फ़ौज भी बॉलीवुड पर फतह हासिल करने के लिए कमर कस चुकी है,जिसमें सुनील शेट्टी के बेटे और बेटी ,जैकी श्रॉफ के साहबजादे टाइगर, आदित्य पंचोली के बेटे सूरज पंचोली,अनिल कपूर के बेटे यशोवर्धन और सनी देओल के बेटे करण  देओल का नाम शामिल हैं। यानि  बचा हुआ ये साल बॉलीवुड में परिवारवाद की नयी इबारत लिखने को तैयार है

No comments: